नोटबंदी पर सरकार की नीयत सही, तैयारी अधूरी- हरवीर
- समानान्तर अर्थव्यवस्था ने हमें हर संकट से उबारा- डॉ. गदिया
- अन्य वक्ताओं ने भी विचार किये व्यक्त, कहा- नोटबंदी देशहित में सही
नोटबंदी का निर्णय लेकर सरकार ने उचित किया है। नई अर्थव्यवस्था लागू करने के पीछे सरकार की नीयत भी साफ है। लेकिन फैसला लागू करने में उसने जल्दबाज़ी दिखाई। इस कारण सरकार की तैयारियां अधूरी रहीं। इसका अगले 4-5 सालों में देश की जीडीपी पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विवेकानंद सभागार में आयोजित मासिक विचार संगोष्ठी में प्रख्यात पत्रकार हरवीर सिंह ने बतौर मुख्य वक्ता यह बात कही। वह ‘विमुद्रीकरण का अर्थव्यवस्था और आम आदमी पर असर’ विषय पर अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
विचार संगोष्ठी में मुख्य वक्ता हरवीर सिंह को मेवाड़ इंस्टीट्यूशंस की ओर से शॉल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। संगोष्ठी में मेवाड़ लॉ इंस्टीट्यूट के अपर महानिदेशक एके गौतम, समाजिक चिंतक सत्यदेव राय, डॉ. बीएल गौड़, गंगा सागर सिंह आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल, डॉ. एसके गिलरा समेत मेवाड़ परिवार के समस्त सदस्य व विद्यार्थी मौजूद थे। विचार संगोष्ठी का मनमोहक संचालन प्रो. आईएम पांडेय ने किया।








